धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा स्थित सोनारडीह थाना के ठीक सामने शुक्रवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। केबल चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को गोली मार दी। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमेश रविदास ने कुछ लोगों को केबल चोरी करते देखा और इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध से नाराज अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सघन छापेमारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
घटना से लोगों में आक्रोश
थाना के ठीक सामने हुई गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाना के सामने ही अपराधी बेखौफ होकर गोलीबारी कर सकते हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

