रांची : झारखंड के चर्चित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में आरोपी उतम कुमार ने रांची सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी उतम कुमार ने अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में सरेंडर किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया।
बीएड परीक्षा देने के लिए मिली थी अस्थायी राहत
बताया जा रहा है कि उतम कुमार को हाल ही में बीएड परीक्षा में शामिल होने के लिए अदालत से अस्थायी राहत मिली थी। इसी अनुमति के आधार पर वह बिहार के नालंदा स्थित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में परीक्षा देने गया था।
सूत्रों के मुताबिक अदालत ने उसे केवल परीक्षा में शामिल होने के उद्देश्य से प्रोविजनल बेल दी थी और कुछ शर्तों का पालन करने को कहा गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसने कोर्ट में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण कर दिया।
11 अप्रैल को हुई थी बड़ी कार्रवाई
उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामला राज्य के चर्चित भर्ती घोटालों में शामिल रहा है। बीते 11 अप्रैल को Tamar पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई की थी।
रड़गांव इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने 166 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें बड़ी संख्या में परीक्षा अभ्यर्थी शामिल थे। पुलिस का दावा था कि मौके से अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह से जुड़े पांच एजेंटों को भी पकड़ा गया था।
जांच में यह भी सामने आया था कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को कथित तौर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और उत्तर याद कराने की तैयारी चल रही थी।
कई आरोपियों को मिल चुकी है जमानत
जानकारी के अनुसार इस मामले में अब तक 158 आरोपियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है। हालांकि कुछ आरोपी अब भी न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

