हजारीबाग: हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित दीपूगढ़ा के होटल स्वैग इन में रविवार को पुलिस ने छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही कुछ युवक-युवतियां मौके से फरार हो गए, जबकि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के बाद होटल को तत्काल बंद करा दिया गया। पुलिस होटल में मौजूद लोगों की पहचान, उनके आने के उद्देश्य और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
कोर्रा थाना प्रभारी नामधारी रजक ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल के संचालन और वहां की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने फिलहाल पूरे मामले पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

