रांची: तकनीकी कारणों और एयर ट्रैफिक की वजह से मंगलवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली आठ उड़ानें निर्धारित समय से देरी से रांची पहुंचीं, जबकि रांची-कोलकाता इंडिगो फ्लाइट को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश उड़ानों में देरी तकनीकी कारणों और एयर ट्रैफिक की वजह से हुई। वहीं, रांची से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की नियमित उड़ान, जो शाम 5:50 बजे रवाना होती है, तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दी गई।
इन उड़ानों में हुई देरी
मंगलवार को कई प्रमुख उड़ानें अपने निर्धारित समय से विलंब से रवाना हुईं।
- इंडिगो रांची-दिल्ली: सुबह 9:10 बजे के बजाय 9:41 बजे रवाना हुई।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस रांची-दिल्ली: सुबह 10:00 बजे के बजाय 10:35 बजे उड़ी।
- इंडिगो रांची-मुंबई: दोपहर 1:40 बजे के बजाय 2:47 बजे रवाना हुई।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस रांची-दिल्ली: दोपहर 3:00 बजे की जगह 3:21 बजे रवाना हुई।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस रांची-बेंगलुरु: दोपहर 3:50 बजे के बजाय शाम 4:41 बजे उड़ी।
- इंडिगो रांची-दिल्ली: शाम 5:05 बजे की जगह 5:45 बजे रवाना हुई।
- इंडिगो रांची-भुवनेश्वर: शाम 6:50 बजे के बजाय रात 8:05 बजे रवाना हुई।
- इंडिगो रांची-चेन्नई: शाम 7:40 बजे की जगह 7:55 बजे उड़ान भर सकी।
यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
लगातार उड़ानों में देरी और एक उड़ान रद्द होने के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की यात्रा और कनेक्टिंग फ्लाइट भी प्रभावित हुई। एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच पूरी होने और एयर ट्रैफिक सामान्य होने के बाद ही विमानों का परिचालन किया गया।

