रांची : बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची में 15 जून 2026 को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस विशेष आयोजन का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान कई आकर्षक और जनहित से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।
यात्रियों का होगा पारंपरिक स्वागत
यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर आगमन टर्मिनल पर यात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। यात्रियों को तिलक लगाकर, गुलाब और चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष सेल्फी प्वाइंट और फोटो बूथ भी बनाए जाएंगे, जहां यात्री यादगार तस्वीरें ले सकेंगे।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण और पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एयरपोर्ट परिसर, पार्किंग क्षेत्र और पहुंच मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे स्वच्छ और हरित वातावरण का संदेश दिया जा सके।
झारखंड की संस्कृति से रूबरू होंगे यात्री
कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने के लिए छऊ नृत्य, स्थानीय कला और हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन होगा। बच्चों के लिए चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे उनमें रचनात्मकता और जागरूकता को बढ़ावा मिले।
स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम
यात्रियों और अन्य हितधारकों के लिए रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा टैक्सी और ऑटो चालकों के लिए मुफ्त नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
विद्यार्थियों को मिलेगा विमानन क्षेत्र का अनुभव
युवाओं को विमानन क्षेत्र से परिचित कराने के उद्देश्य से मेधावी विद्यार्थियों के लिए एयरपोर्ट फैमिलियराइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही यात्रियों के अनुभव और सुझाव जानने के लिए फीडबैक एवं वीडियो टेस्टिमोनियल अभियान भी चलाया जाएगा।
तेजी से बढ़ रहा भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र
प्रेस वार्ता में बताया गया कि पिछले एक दशक में भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र दुनिया के सबसे तेजी से विकसित हो रहे विमानन बाजारों में शामिल हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान देश के विभिन्न हवाई अड्डों से लगभग 41.18 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की। इसी अवधि में विमान परिचालन में 7.8 प्रतिशत और कार्गो परिवहन में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान, डिजीयात्रा और आधुनिक एयर ट्रैफिक प्रबंधन प्रणालियों ने इस विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रांची एयरपोर्ट की उपलब्धियां भी रहीं चर्चा में
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि वर्ष 2014-15 में जहां बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लगभग 6.5 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 27 लाख वार्षिक यात्रियों तक पहुंच गई है। यह झारखंड में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और बेहतर हवाई संपर्क का संकेत है।
वित्तीय प्रदर्शन में भी लगातार सुधार दर्ज किया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में एयरपोर्ट को 49.21 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था, जो 2024-25 में बढ़कर 64.60 करोड़ रुपये और 2025-26 में 87.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा एयरपोर्ट
पिछले कुछ वर्षों में एयरपोर्ट पर नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, डीवीओआर एवं आईएलएस प्रणाली, एप्रन विस्तार, यात्री बोर्डिंग ब्रिज और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए कैफे, फ्लाई लाइब्रेरी, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा झारखंड की संस्कृति को दर्शाने वाली विशेष कलाकृतियां भी स्थापित की गई हैं।
स्थानीय कलाकारों और पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
एयरपोर्ट पर संचालित विशेष पहल के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। सोहराय और खोवर कला सहित झारखंड की पारंपरिक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
बेहतर हवाई संपर्क से राज्य के पर्यटन, होटल उद्योग, परिवहन, व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी लाभ पहुंचा है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
हरित विकास और रोजगार सृजन में योगदान
रांची एयरपोर्ट सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था, इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग, वृक्षारोपण और जल संरक्षण जैसे उपायों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे रहा है। साथ ही एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग, सुरक्षा सेवाओं, परिवहन, होटल, खानपान और खुदरा व्यापार जैसे क्षेत्रों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि ‘यात्री सुविधा दिवस’ का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

