जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को आदित्यपुर में भारतीय जनता पार्टी और विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास समेत 40 से अधिक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
टोल ब्रिज के पास प्रदर्शन, पुलिस ने की कार्रवाई
बंद को सफल बनाने के लिए सुबह से ही भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में तैनात पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटने के लिए समझाया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लेकर आदित्यपुर थाना पहुंचाया गया।
मेयर संजय सरदार और विहिप नेता भी हिरासत में
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास सहित 40 से अधिक भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन सड़क जाम कर आम लोगों को परेशानी में डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सामान्य रहा यातायात
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए थे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके।
पुलिस की सतर्कता के चलते टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा। हालांकि बंद के समर्थन में कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं, जिससे बाजारों में आंशिक असर देखने को मिला।

