रांची : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से करीब दो महीने पहले लापता हुआ नाबालिग लड़का आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया गया है। रांची पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बच्चे को खोज निकाला है। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार पंकज रविदास नाम का नाबालिग 6 मार्च से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने जगन्नाथपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
विशेष टीम कर रही थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही थी और तकनीकी जांच के जरिए बच्चे की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद इलाके में हो सकता है।
गाजियाबाद के लोनी इलाके से बरामद
इनपुट मिलने के बाद रांची पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र स्थित कस्बा पुलिस चौकी इलाके से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा किन परिस्थितियों में गाजियाबाद पहुंचा। इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे किसी गिरोह या अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
करीब दो महीने तक बेटे की तलाश में परेशान परिवार अब उसके सुरक्षित मिलने से काफी खुश है। वहीं पुलिस जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को रांची लाने की तैयारी कर रही है।

