रांची: राजधानी रांची में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने बुधवार देर रात जिलेभर में व्यापक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर यह अभियान एक साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया गया, जिसमें पुलिस देर रात तक पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर तैनात रही।
शहर के एंट्री प्वाइंट और प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच
विशेष अभियान के तहत राजधानी में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों और शहर के महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की, आवश्यक दस्तावेजों तथा संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
इसके अलावा देर रात बिना वजह घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई और उनकी पहचान की पुष्टि के लिए पहचान पत्रों की भी जांच की गई।
बेवजह अड्डेबाजी करने वालों पर होगी कार्रवाई : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि रात के समय सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों और सड़कों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में ऐसे स्थानों पर नशाखोरी, अवैध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं की साजिशें तैयार होती हैं। अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे स्थानों की पहचान कर उन पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अड्डेबाजी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नियमित रूप से चलेगा विशेष अभियान
रांची पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन रात्रि गश्त और विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का मानना है कि इस तरह के लगातार अभियान से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और शहर में कानून-व्यवस्था एवं आम लोगों की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी। अभियान के बाद देर रात बिना वजह घूमने वाले असामाजिक तत्वों और अपराधियों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

