चाईबासा: असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता के बाद चाईबासा में जश्न का माहौल देखने को मिला। सोमवार को जिले के नोवामुंडी में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की गई।
मोदी नेतृत्व पर जनता का भरोसा: मधु कोड़ा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मधु कोड़ा ने कहा कि चुनाव परिणाम यह स्पष्ट संकेत देते हैं कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही नीतियों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े कानूनों और विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे फैसलों को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जो इन नतीजों में परिलक्षित होता है।
विपक्ष पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति जैसे अहम मुद्दों पर उठाए गए सवालों का जवाब जनता ने अपने मताधिकार के जरिए दे दिया है। उनके अनुसार, कुछ तत्व ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और विदेश नीति को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जनता ने मजबूत और निर्णायक नेतृत्व का समर्थन किया।
तुष्टिकरण की राजनीति को बताया नकारा गया
मधु कोड़ा ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों और अवैध घुसपैठियों के प्रति नरम रुख रखने वालों को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन से ही यह जीत संभव हो पाई है।
झारखंड में भी बदलाव की उम्मीद
अपने संबोधन के अंत में मधु कोड़ा ने विश्वास जताया कि जिस तरह देश में बदलाव की लहर दिखाई दे रही है, उसी तरह झारखंड में भी जनता विकास और सुशासन के पक्ष में निर्णय लेगी।

