धनबाद: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरोह के खास सहयोगी सैफ अब्बास नकवी उर्फ सैफी उर्फ मेजर को दुबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे दुबई के अजवान क्षेत्र से पकड़ा गया और अब झारखंड लाकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार इंटरपोल की मदद से आरोपी को कोलकाता एयरपोर्ट लाया गया है, जहां सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

झारखंड एटीएस की बड़ी कार्रवाई

झारखंड एटीएस लंबे समय से प्रिंस खान और उसके फरार सहयोगियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस लगातार इंटरपोल के संपर्क में थी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

मेजर की गिरफ्तारी को गैंग के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

प्रिंस खान के बारे में खुल सकते हैं कई राज

सूत्रों के मुताबिक प्रिंस खान दुबई से पाकिस्तान फरार हो चुका है, जबकि मेजर दुबई में ही ठहरा हुआ था। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से गैंगस्टर के ठिकानों, नेटवर्क और भविष्य की योजनाओं से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

रंगदारी के कई मामलों में रहा शामिल

पुलिस के अनुसार मेजर धनबाद में रंगदारी के दर्जनों मामलों में शामिल रहा है। वह प्रिंस खान के कहने पर कारोबारियों को धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजता था। झारखंड के व्यापारियों के बीच उसके नाम का खौफ बताया जाता है।

रंगदारी वसूलना और पैसों के प्रबंधन की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी। गिरोह के संचालन में उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती थी।

झारखंड और बंगाल में दर्ज हैं मामले

मेजर के खिलाफ झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रिंस खान के दुबई भागने के बाद वह भी वहीं चला गया था।

अब कोलकाता से उसे रांची लाया जा सकता है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version