रांची: झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू पांच दिवसीय दौरे पर 15 अगस्त को रांची पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह राज्य के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि कांग्रेस प्रभारी के. राजू के दौरे की रूपरेखा तय कर ली गई है।
16 अगस्त को धनबाद के नेताओं के साथ बैठक
दौरे के पहले दिन 16 अगस्त को के. राजू धनबाद संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संबंधित क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों, संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।
17 अगस्त को लोहरदगा और प्रोफेशनल कांग्रेस की बैठक
इसके बाद 17 अगस्त को कांग्रेस प्रभारी लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसी दिन शाम को रांची के होटल बीएनआर में झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक में शामिल होंगे।
18 अगस्त को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की समीक्षा
के. राजू 18 अगस्त को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इन सभी बैठकों में संबंधित संसदीय क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
इन पदाधिकारियों और नेताओं की रहेगी मौजूदगी
समीक्षा बैठकों में संबंधित संसदीय क्षेत्र के प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, जिला एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, प्रदेश सचिव, प्रखंड अध्यक्ष और एसआईआर प्रशिक्षक शामिल होंगे।
इसके अलावा संबंधित संसदीय क्षेत्र के वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक तथा पिछले चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे उम्मीदवार भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
19 अगस्त को हैदराबाद रवाना होंगे
बैठकों में शामिल होने के बाद कांग्रेस प्रभारी रांची लौटेंगे और स्टेट गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगे। अपने पांच दिवसीय झारखंड दौरे के बाद 19 अगस्त को के. राजू रांची से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे।

