रांची: झारखंड भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठनात्मक विस्तार को गति देने के उद्देश्य से राज्यभर में 24 घंटे प्रवास अभियान की शुरुआत की है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर 26 जून से 30 जून तक सभी संगठनात्मक जिलों में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के प्रवास का कार्यक्रम तय किया गया है।
प्रदेश नेतृत्व के अनुसार, इस अभियान के दौरान पदाधिकारी संबंधित जिलों में संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे, कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
इन पदाधिकारियों को मिली जिलों की जिम्मेदारी
भाजपा की ओर से विभिन्न प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों का दायित्व सौंपा गया है। इसके तहत प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद को बोकारो, नीलकंठ सिंह मुंडा को रामगढ़, आभा महतो को रांची पूर्वी, बालमुकुंद सहाय को साहिबगंज, भानु प्रताप शाही को जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम, डॉ. प्रदीप वर्मा को पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां, सुनील सोरेन को गिरिडीह महानगर, मुनेश्वर साहू को गोड्डा तथा गीता कोड़ा को रांची पश्चिमी का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को दुमका एवं देवघर, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र को गढ़वा एवं पलामू, अमर कुमार बाउरी को रांची महानगर एवं पाकुड़, मनोज सिंह को गुमला, सिमडेगा एवं धनबाद महानगर, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा को धनबाद ग्रामीण, शैलेन्द्र सिंह को चक्रधरपुर, सरोज सिंह को गिरिडीह ग्रामीण, सुनीता सिंह को खूंटी, अमरदीप यादव को चतरा, कृष्णा महतो को जामताड़ा, अमित कुमार सिंह को लोहरदगा, मनीर उरांव को लातेहार, शालिनी बैसखियार को कोडरमा तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका को हजारीबाग जिले का दायित्व दिया गया है।
संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा फोकस
भाजपा का यह प्रवास कार्यक्रम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस अभियान से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित होगा।

