जामताड़ा: जामताड़ा से एसबीआई YONO के नाम पर साइबर ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों को फोन करते थे और फर्जी एपीके फाइल भेजकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।
मामला तब सामने आया, जब जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता के मोबाइल पर YONO की फर्जी एपीके फाइल भेजी गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हुआ और साइबर थाना की विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डिमवाडीह गांव के बासझुड़ इलाके में कुछ युवक State Bank of India की YONO सेवा के नाम पर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इब्राहिम अंसारी, हुसैन अंसारी, शाकिर अंसारी और सिराज अंसारी के रूप में हुई है। ये सभी गिरिडीह जिले के आलापुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 फर्जी मोबाइल फोन और 8 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ने अब तक लाखों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया है।
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि आरोपियों द्वारा भेजी जा रही फर्जी फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक डिटेल हासिल की जाती थी। फिलहाल जब्त मोबाइल और सिम कार्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एपीके फाइल पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर थाना को दें।
