लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड की अंबाटोली पंचायत में सरकारी सिंचाई नहर के जाम होने से किसानों के सामने गंभीर सिंचाई संकट खड़ा हो गया है। नहर में गाद और झाड़-झंखाड़ भर जाने के कारण पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे धान समेत अन्य खरीफ फसलों की खेती प्रभावित होने लगी है।
नहर में पानी का प्रवाह पूरी तरह बाधित
स्थानीय किसान कृष्णा प्रसाद, बिना नागेसिया, मोहन नागेसिया और गोबरा नागेसिया ने बताया कि खेती के सबसे महत्वपूर्ण समय में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से नहर की सफाई नहीं होने के कारण उसमें गाद और झाड़ियां जमा हो गई हैं, जिससे पानी का प्रवाह पूरी तरह रुक गया है।
फसलों को नुकसान की आशंका, बढ़ी किसानों की चिंता
किसानों का कहना है कि यदि जल्द नहर की सफाई नहीं कराई गई तो धान सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान होगा। इससे क्षेत्र में खेती पर निर्भर सैकड़ों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है और अकाल जैसी स्थिति बनने की आशंका भी है।
उपायुक्त से की त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और किसानों ने लातेहार के उपायुक्त से अविलंब हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने जाम पड़ी सरकारी सिंचाई नहर की सफाई कराकर जल्द से जल्द सिंचाई व्यवस्था बहाल करने का आग्रह किया है, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रह सके और खेती प्रभावित न हो।

