रांची: तोरपा विधायक सुदीप गुडिया ने अपने आवासीय कार्यालय (जनसेवा केंद्र), तपकरा में खूंटी वन प्रमंडल के अधिकारियों और तोरपा व रनिया प्रखंड के ग्रामीणों के साथ मानव-हाथी संघर्ष की बढ़ती समस्या को लेकर बैठक की। बैठक में ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी समाधान और सुरक्षा उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने हाथियों के कारण फसल, संपत्ति और जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक सुदीप गुडिया ने कहा कि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
ग्रामीणों को वितरित की गई सुरक्षा सामग्री
बैठक के बाद ग्रामीणों के बीच हाथियों से बचाव के लिए टॉर्च, चूल्हा तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। बताया गया कि इन सामग्रियों से विशेष रूप से रात्रि के समय ग्रामीणों को सुरक्षा और सतर्कता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
विधायक सुदीप गुडिया ने कहा कि उनका प्रयास मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने के साथ-साथ जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

