रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर स्थित खोरहाटोली में बुधवार सुबह एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने किराए के मकान में रह रहे रमेश ठाकुर की लोहे के औजार से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रमेश ठाकुर के सिर पर लोहे के प्लास से कई गंभीर वार किए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपने घर पर नहीं रहता था और दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।
जमीन कारोबार और झाड़-फूंक से जुड़ा था मृतक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार (प्रॉपर्टी डीलिंग) से जुड़ा हुआ था। हाल के दिनों में वह झाड़-फूंक का कार्य भी कर रहा था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों और मृतक के दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस जमीन विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

