गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत चुतरू गांव में जंगली हाथियों के हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। हादसे के बाद पूरे चुतरू गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान मोहन माझी उर्फ डिगर माझी (61) के रूप में हुई है। वहीं, सरदार माझी (40) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका गांव के एक निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है।
घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पर हाथी ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, चुतरू गांव के बाजार टांड़ निवासी मोहन माझी शुक्रवार रात अपने घर के बाहर खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान हाथियों का एक झुंड गांव में घुस आया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें पटक-पटककर मार डाला। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर तोड़ने से मलबे में दबकर घायल हुआ ग्रामीण
मोहन माझी पर हमला करने के बाद हाथियों का झुंड पास में स्थित सरदार माझी के घर तक पहुंच गया। हाथियों ने घर को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे दीवार गिर गई। उस समय सरदार माझी घर के अंदर खाट पर सो रहे थे और मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाया। लोगों की भीड़ और शोरगुल के कारण हाथियों का झुंड वापस जंगल की ओर लौट गया।
वन विभाग ने पहुंचकर दी तत्काल सहायता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया मो. खालिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मुखिया ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वनपाल राजीव पांडेय और वन विभाग की टीम रात में ही गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई। वनपाल राजीव पांडेय ने बताया कि आवश्यक सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा राशि भी जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया है। वहीं, वन विभाग क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

