देवघर : झारखंड के देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत महापुर पंचायत के हेठ नवाडीह गांव में सोमवार देर रात मां और बेटे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे छोटू के रूप में हुई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
देर रात वारदात को दिया गया अंजाम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से हमला कर मां-बेटे की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को घटनास्थल पर बुलाने की भी मांग की।
एसपी पहुंचे मौके पर, फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ अनुसंधान दल और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
चार साल पहले पति की भी हुई थी हत्या
परिजनों के अनुसार, रुबेदा बीबी के पति रियाज अहमद की भी 15 जुलाई 2022 को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी बड़े बेटे पर आ गई, जो पश्चिम बंगाल में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि रियाज अहमद हत्याकांड के कुछ आरोपितों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में इस नई घटना ने परिवार और गांव के लोगों में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

