रांची/चतरा: भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रवि आनंद ने शनिवार को चतरा जिले के 40वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त कीर्तिश्री से विधिवत कार्यभार संभाला।
विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकाल में महिला एवं बाल विकास, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता में रहेगा, ताकि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश
उपायुक्त ने जिले में पेयजल समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि जहां भी समस्या चिन्हित होगी, वहां 48 घंटे के भीतर चापानल की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करने का निर्देश भी दिया।
जनता दरबार और क्षेत्र भ्रमण पर फोकस
रवि आनंद ने कहा कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार आयोजित कर प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की पहल
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने कहा कि जिले में चिकित्सकों की कमी और अन्य समस्याओं का आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें।
समाहरणालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व, आपूर्ति और सामान्य शाखा सहित अन्य कार्यालयों का भ्रमण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

