रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश रामगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा रांची में 20 मिमी, चाईबासा में 20 मिमी, बोकारो में 10 मिमी, लोहरदगा में 10 मिमी, जमशेदपुर में 9 मिमी, कोडरमा में 7 मिमी और खूंटी में 5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा।
20 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 18 जुलाई को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
18 जुलाई: रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रामगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
19 जुलाई: रांची, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
20 जुलाई: रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन तीनों दिनों के लिए संबंधित जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
अब भी सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 17 जुलाई 2026 तक झारखंड में सामान्य वर्षापात 359.8 मिमी के मुकाबले 216.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब भी सामान्य से करीब 40 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। वहीं रांची में इस अवधि के दौरान सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

