रांची: राजधानी रांची में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। मेसरा ओपी क्षेत्र के नेवरी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के एटीएम में जालसाजों ने एक महिला को झांसे में लेकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और खाते से 1 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। मामले में पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
एटीएम में कार्ड फंसने का किया बहाना
नेवरी निवासी गीता सिंह (41) ने पुलिस को बताया कि वह एटीएम से पैसे निकालने गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद अज्ञात युवकों ने मशीन में खराबी का बहाना बनाकर उनका एटीएम कार्ड फंसा दिया। इसके बाद एटीएम पर चिपकाए गए एक मोबाइल नंबर पर कॉल करने की सलाह दी।
फोन करने पर दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को बैंक का गार्ड बताया। उसने कहा कि नया सिस्टम लागू होने के कारण टोपी या काला चश्मा पहनकर एटीएम में आने पर कार्ड बाहर नहीं निकलता। उसने महिला को अगले दिन आने की सलाह दी और दो-दो बार कैंसिल, क्लियर तथा पिन दर्ज करने के लिए कहा। महिला उसकी बातों में आ गईं।
खाते से उड़ गए एक लाख रुपये
जब महिला दोबारा एटीएम पहुंचीं तो उनका कार्ड गायब था। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से लगातार पैसे निकाले जाने के संदेश आने लगे। जांच करने पर पता चला कि जालसाज उनके बैंक खाते से कुल एक लाख रुपये निकाल चुके हैं।
पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
ऐसे रहें सतर्क
पुलिस और बैंक समय-समय पर ग्राहकों को सलाह देते हैं कि एटीएम में किसी अजनबी की मदद न लें, कार्ड या पिन किसी से साझा न करें और मशीन में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर केवल बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन या शाखा से ही संपर्क करें।

