रांची: झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम बेहद गर्म और शुष्क बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने कोल्हान प्रमंडल और संथाल परगना के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में 43-44 डिग्री तक पहुंचा तापमान
मौसम के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राजधानी रांची में तापमान 39 से 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय लू का असर साफ महसूस किया जा रहा है। वहीं, जमशेदपुर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
हजारीबाग और बोकारो में तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि देवघर और धनबाद जिलों में भी पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में काफी परेशानी हो रही है।
24 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, दुमका और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
26 अप्रैल को पूरे राज्य में बारिश के आसार
26 अप्रैल को मौसम का प्रभाव और व्यापक होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गर्जन और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और सुरक्षित स्थानों में शरण लें।

