रांची : बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और बांग्लादेश के पास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। राज्यभर में हुई प्री-मानसून बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं ओलावृष्टि और वज्रपात की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
वज्रपात से कई जिलों में मौतें
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चंदौरी निवासी प्रीतम तुरी के 24 वर्षीय पुत्र नुनमुनि कुमार और तनेश्वर उर्फ ठाकुर के 12 वर्षीय बेटे अमन कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा लोहरदगा के भंडरा में एक महिला की वज्रपात से जान चली गई। वहीं सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के घुटाईडीह गांव में भी एक किशोर की मौत हो गई, जो आंधी-बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़ा था और आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।
रांची समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
राजधानी रांची में सुबह करीब साढ़े चार बजे से गरज के साथ बारिश शुरू हुई, जो दोपहर तक रुक-रुक कर होती रही। कई इलाकों में ओले भी गिरे। कांके में 12.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं धनबाद और बोकारो में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। सबसे अधिक बारिश खूंटी में 34.5 मिलीमीटर और बेरमो में 30 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
बारिश के बाद कई जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री गिरकर 37.5 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि रांची का तापमान 38.6 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है।
अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के रांची केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 अप्रैल को रांची, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 1 से 5 मई के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने के आसार हैं।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

