रांची: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 का रविवार को राजधानी रांची में भव्य आगाज होगा। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में भारतीय सेना के शौर्य, झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और विश्वस्तरीय फुटबॉल का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा।
दोपहर 2 बजे खुलेंगे स्टेडियम के गेट
दर्शकों के लिए स्टेडियम के प्रवेश द्वार दोपहर 2 बजे से खोल दिए जाएंगे। दोनों टीमों का आगमन दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे के बीच होगा। इसके बाद 3:40 बजे से प्री-शो शुरू होगा, जिसमें डूरंड कप के इतिहास और गौरव पर आधारित विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखाई जाएगी।
आर्मी बैंड, फ्लाईपास्ट और स्काई डाइविंग होंगे आकर्षण
मुख्य उद्घाटन समारोह शाम 4 बजे से 4:35 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान भारतीय सेना के आर्मी बैंड, फ्लाईपास्ट, झारखंड की लोक एवं जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खुकरी मार्शल आर्ट का प्रदर्शन और भांगड़ा की रंगारंग प्रस्तुति दर्शकों को आकर्षित करेगी।
इसके बाद लगभग 4:40 बजे स्काई डाइविंग और ब्रास बैंड का विशेष प्रदर्शन होगा, जिसे समारोह का सबसे रोमांचक आकर्षण माना जा रहा है। कार्यक्रम में ट्रॉफी ड्रिल, डूरंड कप पर विशेष फिल्म, फीफा एंथम, खिलाड़ियों का मैस्कॉट्स के साथ मैदान में प्रवेश, मुख्य अतिथि से परिचय, सामूहिक फोटो और पारंपरिक सेरेमोनियल किक की रस्म भी निभाई जाएगी।
ग्रुप-सी का पहला मुकाबला शाम 5 बजे
उद्घाटन समारोह के समापन के बाद शाम 5 बजे से रांची चरण का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका सशस्त्र बल) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और मुकाबले के लिए तैयार हैं।
रांची में डूरंड कप के ग्रुप-सी के मुकाबले खेले जाएंगे। इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और श्रीलंका सशस्त्र बल की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं।
समय से पहले पहुंचने की अपील
आयोजकों ने फुटबॉल प्रेमियों से अपील की है कि वे उद्घाटन समारोह और मैच का पूरा आनंद लेने के लिए समय से पहले स्टेडियम पहुंचें। सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

