लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड की दुरूप पंचायत अंतर्गत दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक जाने वाली कच्ची सड़क बरसात के दौरान ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। लगातार बारिश के कारण सड़क कीचड़ और गहरे गड्ढों से भर गई है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करना बेहद कठिन और जोखिम भरा हो गया है।
फिसलन से बढ़ा हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इतनी अधिक फिसलन है कि बाइक और अन्य छोटे वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। हल्की सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने में इस मार्ग पर कई बाइक चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं।
स्कूली बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ रहा है। बरसात के दिनों में इस रास्ते से गुजरना उनके लिए जोखिम भरा हो गया है। वहीं, किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पीसीसी सड़क निर्माण की मांग
सड़क की जर्जर स्थिति से नाराज ग्रामीण जब्बार अंसारी, लाल चंद बृज्या, अरविंद बृज्या, कुलदीप मुंडा, जमुना मुंडा और नंदेश्वर यादव समेत कई लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क सैकड़ों परिवारों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक पीसीसी सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

