रांची: रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. डीके सिन्हा ने सीनियर और जूनियर डॉक्टरों को ओपीडी ड्यूटी के समय में एक घंटे तक की व्यावहारिक छूट देने का निर्णय लिया है। उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजधानी रांची में ट्रैफिक जाम और अन्य कारणों से डॉक्टरों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में यदि कोई डॉक्टर सुबह 9:30 या 10 बजे तक ओपीडी पहुंचता है तो इसे क्षम्य माना जाएगा।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई चिकित्सक लगातार एक सप्ताह तक निर्धारित समय का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रिम्स के सभी कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्यूटी समय का पालन अनिवार्य है।
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक निजी प्रैक्टिस पर रोक
डॉ. डीके सिन्हा ने निजी प्रैक्टिस को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक का समय पूरी तरह रिम्स के लिए निर्धारित है। इस दौरान निजी प्रैक्टिस करना नियमों के विरुद्ध है और यदि इसके प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसबीआई के पास बंद गेट दिन में खुलेगा
रिम्स आने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रभारी निदेशक ने बताया कि एसबीआई के पास स्थित बंद गेट को दिन के समय खोला जाएगा। यह गेट रात में बंद रहेगा, जबकि एंबुलेंस आने पर तैनात सुरक्षाकर्मी इसे तत्काल खोलेंगे।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से बरियातू थाना के सामने वाले मुख्य प्रवेश द्वार पर दबाव कम होगा और मरीजों तथा उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने में आसानी होगी।
दवा और सर्जिकल सामग्री की नहीं होगी कमी
प्रभारी निदेशक ने कहा कि कई बार मरीजों के परिजनों को कॉटन, गॉज और सिरिंज जैसी जरूरी सर्जिकल सामग्री बाहर से खरीदनी पड़ती है, जो उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि रिम्स में आने वाले लगभग 90 प्रतिशत मरीज आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से होते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि दवाओं और सर्जिकल सामग्री का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहे, ताकि मरीजों को बाहर से सामान खरीदने की जरूरत न पड़े।
मीडिया के लिए प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगे पीआरओ
डॉ. सिन्हा ने बताया कि मीडिया को अस्पताल से जुड़ी आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिदिन शाम 5 बजे जनसंपर्क पदाधिकारी उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अस्पताल में इलाज की प्रक्रिया प्रभावित न होने दें और चिकित्सकों को मरीजों के उपचार में सहयोग करें।
नए प्रभारी निदेशक को बधाई देने पहुंचे कर्मचारी
रिम्स के प्रभारी निदेशक का कार्यभार संभालने के बाद शनिवार को निदेशक कार्यालय में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से ही सीनियर और जूनियर डॉक्टरों के अलावा बड़ी संख्या में अस्पताल के कर्मचारी उनसे मिलने पहुंचे। बधाई देने का सिलसिला शाम तक जारी रहा।

