रांची : राजधानी रांची के धुर्वा डैम में डूबे 21 वर्षीय युवक अमन कुशवाहा का शव मंगलवार दोपहर बरामद कर लिया गया। धुर्वा के आदर्श नगर निवासी अमन सोमवार रात डैम में डूब गया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने संयुक्त रूप से करीब 15 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक डैम के गहरे पानी में डूब गया है। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने रातभर तलाश की, लेकिन अंधेरा और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
मंगलवार सुबह एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने सर्च अभियान तेज किया। इस अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर सरवन प्रमाणिक कर रहे थे।
15 घंटे बाद मिला शव
लगातार प्रयास के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे युवक का शव बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
स्कूटी और चप्पलों से हुई पहचान
नगड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के पास से युवक की स्कूटी और चप्पलें मिली थीं। इन्हीं के आधार पर प्रारंभिक पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अमन कुशवाहा के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

