पटना: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। राजधानी पटना के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:50 बजे होगा, जिसमें एनडीए के कई शीर्ष नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
एनडीए विधायक दल ने चुना नेता
मंगलवार शाम को हुई एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। इसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी, जबकि सम्राट चौधरी ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
कब और कहां होगा शपथ ग्रहण
समारोह पटना के लोकभवन में आयोजित किया जाएगा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
करीब दो दशकों तक सत्ता में रहे नीतीश कुमार के बाद यह नेतृत्व परिवर्तन बिहार की राजनीति में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।
कौन हैं सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में इतिहास रचेंगे। उनका जन्म 1968 में मुंगेर में हुआ। उनके पिता शकुनी चौधरी भी एक प्रमुख राजनीतिक नेता रहे हैं।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की और राबड़ी देवी सरकार में मंत्री रहे। बाद में वे जदयू से जुड़े और 2017 में भाजपा में शामिल हो गए। वर्तमान में वे राज्य के प्रमुख ओबीसी चेहरों में गिने जाते हैं और उपमुख्यमंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका निभा चुके हैं।
कौन होंगे उपमुख्यमंत्री
नई सरकार में जदयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दोनों ही बिहार की राजनीति के अनुभवी नेता हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाल चुके हैं।
राजनीतिक रूप से अहम दिन
यह शपथ ग्रहण समारोह न केवल सरकार गठन का संकेत है, बल्कि इसे एनडीए के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। राज्य की राजनीति में इसके दूरगामी असर पड़ने की संभावना है।

