रांची: राजधानी रांची में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र के पीस रोड स्थित द्वारिकेश अपार्टमेंट का है, जहां गुरुवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
अपार्टमेंट के अंदर घुसकर वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, द्वारिकेश अपार्टमेंट में रहने वाली पौलमी दत्ता गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे पास की दुकान से दूध और सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपार्टमेंट परिसर में पहुंचीं, हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक उनके पीछे-पीछे अंदर दाखिल हो गए।
महिला जब सीढ़ियां चढ़कर अपने फ्लैट के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात के तुरंत बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, पुलिस को दी गई सूचना
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। मामले की सूचना तत्काल डायल-112 और लालपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
लालपुर थाना पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

