गया: बिहार के गया जिले में शादी का झांसा देकर मध्य प्रदेश के दो युवकों से कथित रूप से 1.70 लाख रुपये, मोबाइल फोन और कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर विष्णुपद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।
दो वर्ष पहले हुई थी पहचान
मध्य प्रदेश के नीमच जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के जननोद गांव निवासी रामचंद्र बामनिया ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात गया निवासी शिबू नामक व्यक्ति से मध्य प्रदेश के मंदसौर में हुई थी।
उन्होंने बताया कि 23 जून को वह अपने साथी पुकार भाव के साथ गया घूमने पहुंचे थे। गया जंक्शन पर उनकी मुलाकात शिबू से हुई। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने साथी की शादी कराने की इच्छा जताई, जिस पर शिबू ने एक युवती और उसके परिजनों से मुलाकात कराने का भरोसा दिलाया।
शादी के नाम पर मांगे गए रुपये
पीड़ित के अनुसार, शिबू उन्हें अपने साथियों के साथ एक स्कूल के पास ले गया, जहां कथित तौर पर युवती के परिजनों ने आर्थिक सहायता के नाम पर 1.70 लाख रुपये की मांग की। विश्वास में आकर उन्होंने युवती के लिए करीब 20 हजार रुपये के कपड़े भी खरीदे।
रामचंद्र का आरोप है कि अगले दिन उन्हें बोलेरो वाहन से कोर्ट ले जाया गया, जहां कोर्ट मैरिज की औपचारिकताएं पूरी कराई गईं।
रास्ते में मारपीट कर लूटने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि कोर्ट से निकलने के बाद उन्हें दुल्हन के साथ एक मंदिर ले जाया गया, जहां तत्काल 1.70 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान दुल्हन पक्ष की एक महिला ने किसी को फोन किया। संदेह होने पर उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास रुपये देने की बात कही और सभी ऑटो से स्टेशन की ओर चल पड़े।
रामचंद्र के मुताबिक, विष्णुपद थाना क्षेत्र के बाइपास रोड पर दो बाइक पर सवार करीब पांच युवकों ने ऑटो रोक लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और 1.70 लाख रुपये, मोबाइल फोन तथा कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेज छीन लिए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कथित दुल्हन और उसकी महिला रिश्तेदार भी इस घटना में शामिल थीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित रामचंद्र बामनिया ने आरोप लगाया है कि शिबू और उसके साथियों ने पहले से रची गई साजिश के तहत शादी का झांसा देकर उन्हें जाल में फंसाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
विष्णुपद थाना पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर शिबू, कथित दुल्हन और उसके महिला रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

