रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में शनिवार को ओरमांझी प्रखंड में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के कारण पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया।
हर घर तिरंगा अभियान का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों के बीच राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा देश की अखंडता का संदेश देना रहा। यात्रा में क्षेत्र के आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की।
वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में पूर्व सांसद रामटहल चौधरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा हर नागरिक को इसके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

