जामताड़ा : जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियारपुर गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान मंझलाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय रज्जाक अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से अपने गांव से नारायणपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
सामने से आ रही कार ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार बरियारपुर गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
भागने की कोशिश में था चालक, लोगों ने पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नारायणपुर बस स्टैंड मोड़ के पास कार को पकड़ लिया।
घटना से गुस्साए लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ भी कर दी, जिससे कुछ देर के लिए वहां तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की हालत गंभीर देखकर परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर चिंता और तनाव का माहौल है।

