रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां योजना के लाभुकों को राशि भुगतान की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार अब हर महीने ‘मंईयां सम्मान दिवस’ मनाने की तैयारी कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत अक्टूबर 2026 से की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत राज्यभर के करीब 51 लाख लाभुकों के बैंक खातों में योजना की राशि एक ही दिन सीधे ट्रांसफर की जाएगी। अब तक यह भुगतान जिला स्तर से किया जाता था, लेकिन सरकार इसे बदलकर राज्य स्तर से सीधे लाभुकों के खातों में राशि भेजने की तैयारी कर रही है।
हर महीने मनाया जाएगा ‘मंईयां सम्मान दिवस’
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। सरकार की योजना है कि हर महीने एक तय तारीख को ‘मंईयां सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाए।
इस अवसर पर राज्य स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं। वहीं, सभी जिलों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
लाभुक महिलाएं साझा करेंगी अपने अनुभव
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर लाभुक महिलाओं से संवाद भी किया जाएगा। महिलाएं योजना से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा करेंगी। इसी कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्यालय से एक साथ सभी लाभुकों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी।
4 से 5 घंटे में खाते में पहुंचेगा पैसा
सरकार का दावा है कि राशि जारी होने के बाद चार से पांच घंटे के भीतर सभी लाभुकों के खातों में पैसा पहुंच जाएगा। इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनने की उम्मीद है।

