रांची : झारखंड में मौसम का बदला मिजाज कई परिवारों पर भारी पड़ गया है। राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। तेज तूफान, बारिश और वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर सक्रिय मौसम प्रणाली, टर्फ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है।
इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों तक मौसम खतरनाक बना रह सकता है। विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों और खेतों में काम करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।
लोगों को दी गई ये सलाह
- खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें
- खेत, खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न हों
- मोबाइल चार्जिंग और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाकर रखें
- तेज हवा और बारिश के दौरान कच्चे मकानों से दूर रहें
बढ़ीं वज्रपात की घटनाएं
प्री-मानसून सीजन के दौरान झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। खुले स्थानों पर मौजूद लोग और खेतों में काम कर रहे ग्रामीण सबसे अधिक जोखिम में रहते हैं।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।
बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन इसके साथ खतरा भी बढ़ गया है। कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि मौसम विभाग ने साफ कहा है कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

