रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अनुशंसित 329 सहायक आचार्यों को जल्द ही नियुक्ति पत्र मिलने जा रहा है। संभावना है कि मई के पहले सप्ताह में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अनुरोध किया है।
दिसंबर 2025 में हुई थी अनुशंसा
जिन 329 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, उनकी अनुशंसा आयोग ने दिसंबर 2025 में की थी। इन सभी की जिला स्तर पर काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है और प्रमाणपत्रों की जांच में वे पात्र पाए गए हैं।
अन्य अभ्यर्थियों की प्रक्रिया जारी
विभाग को आयोग से करीब एक हजार अन्य अभ्यर्थियों की अनुशंसा भी प्राप्त हुई है, जिनकी प्रक्रिया अभी जारी है। इनके दस्तावेज सोमवार को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालयों को सौंपे जाएंगे, जिसके बाद जिला स्तर पर काउंसिलिंग की जाएगी।
काउंसिलिंग के बाद होगा चयन
जिलों को काउंसिलिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद योग्य अभ्यर्थियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इन अभ्यर्थियों को मई के अंतिम सप्ताह या जून के पहले सप्ताह में नियुक्ति मिलने की संभावना है।
अब तक 10 हजार से अधिक नियुक्तियां
अब तक सहायक आचार्य के कुल 10,213 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जा चुकी है, जो विभिन्न स्कूलों में कार्यरत हैं। आयोग ने कुल 11,300 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की थी, जिनमें से अधिकांश को नियुक्ति मिल चुकी है।
कई पद अब भी खाली
झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के तहत कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति होनी थी। हालांकि, पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण कई पद अब भी रिक्त हैं, विशेषकर पारा शिक्षक श्रेणी में।

