रांची : किसी भी शहर और राज्य की पहचान उसकी यातायात व्यवस्था से भी होती है। राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में रांची पुलिस अब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर 10 नए स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट स्थापित करने जा रही है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन की पहल पर ट्रैफिक प्रबंधन को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है। स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट बनने से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही बारिश, तेज धूप और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में उन्हें राहत मिलेगी।
जाम मुक्त रांची बनाने पर प्रशासन का फोकस
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि राजधानी में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। हालांकि अब शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए कई स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। अवैध पार्किंग और अवैध बस स्टैंडों को हटाने की कार्रवाई जारी है। इसके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से ट्रैफिक जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की गई है।
इन स्थानों पर बनेंगे स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट
रांची पुलिस द्वारा स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट के लिए प्रमुख स्थानों का चयन कर लिया गया है। एसएसपी राकेश रंजन और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की संयुक्त बैठक में इन स्थलों को अंतिम रूप दिया गया।
स्मार्ट ट्रैफिक पोस्ट निम्नलिखित स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे—
- फिरायालाल चौक
- हिनू चौक
- एजी मोड़
- न्यू मार्केट चौक
- चांदनी चौक
- नेवरी गोल चक्कर
- बिरसा चौक
- शालीमार बाजार
- शहीद मैदान
- कटहल मोड़
- नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन चौक
हर पोस्ट पर होगी ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती
एसएसपी ने बताया कि सभी स्मार्ट ट्रैफिक पोस्टों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी सुबह से लेकर देर शाम तक यातायात संचालन और निगरानी का कार्य करेंगे। इससे बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
रांची पुलिस का मानना है कि आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट और बेहतर निगरानी व्यवस्था के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

