रांची/कांके: झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स-2 (RIMS-2) परियोजना की जमीन को लेकर नगड़ी इलाके में हुए बवाल के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांके थाना में दर्ज प्राथमिकी में पूर्व विधायक गीताश्री उरांव समेत 85 लोगों के नामजद होने की पुष्टि हुई है।
RIMS-2 विवाद में हिंसा और पुलिस पर हमला
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीणों ने प्रस्तावित रिम्स-2 की 127 एकड़ जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य का विरोध किया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर हरवे-हथियार से हमला किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पांच आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन भीड़ बेकाबू रही। प्रदर्शनकारियों ने घेराबंदी तोड़ दी और करीब 1300 सीमेंट के खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में चार पुलिसकर्मी – सिपाही महाबीर टोप्पो, ममता कुमारी, चिंतामणि और नेलेन पूर्ति घायल हो गए।
गीताश्री उरांव पर भीड़ को भड़काने का आरोप
एफआईआर में दर्ज आरोपों के मुताबिक, पूर्व विधायक गीताश्री उरांव, देवेंद्र महतो, जगलाल पाहन और प्रेमसाही मुंडा ने नारेबाजी कर भीड़ को उकसाया। बताया गया है कि “पुलिस प्रशासन हाय-हाय, झारखंड सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारों से माहौल और उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण स्थल में ट्रैक्टर से हल चलाकर विरोध दर्ज कराया।
FIR में शामिल आरोपियों की लिस्ट
कांके के सीओ अमित भगत की शिकायत के आधार पर दर्ज इस प्राथमिकी में 85 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें गीताश्री उरांव के अलावा देवेंद्र महतो, जगलाल पाहन, प्रेमसाही मुंडा, रितेश उरांव, निशा भगत, नेलशन भगत, आरती कुजूर, लक्ष्मीनारायण मुंडा, रीजा उरांव और बिरसा उरांव शामिल हैं।
इसके अलावा कई अन्य ग्रामीणों – जैसे विगल उरांव, जितनाथ बेदिया, किरण टोप्पो, छोटू उरांव, राधे टोप्पो, अमृत टोप्पो, विकास टोप्पो, दयामनी टोप्पो, पूनम देवी, विनीता टोप्पो, संजय टोप्पो, कैलाश उरांव, बॉबी टोप्पो, पुष्पा खलखो, अनुज मुंडा, अर्जुन गाड़ी, विशाल उरांव, मनोज कुमार, सीताराम महतो, पिंकी देवी और नीलम टोप्पो के नाम भी शामिल हैं।
पुलिस ने वीडियोग्राफी से की पहचान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी घटना की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई थी। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही को शामिल कर 85 लोगों पर IPC की विभिन्न धाराओं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News: हजारीबाग ACB कोर्ट में निलंबित IAS विनय चौबे ने दी जमानत याचिका