रांची: झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बड़ाम डेयरी फार्म के पास स्थित मैदान से एक युवक का शव बरामद किया है। सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
मृतक की पहचान जोरार के कैलाश नगर निवासी अभिजीत तिवारी के रूप में हुई है। वह जितेंद्र तिवारी के पुत्र बताए जा रहे हैं।
शरीर पर चोट के कई निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। इससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हुई।
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही टाटीसिल्वे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

