Seraikela: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे क्षेत्र के युवाओं और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र के लिए यह दिन मील का पत्थर है। सरायकेला में उच्च स्तरीय मेडिकल कॉलेज का सपना अब साकार हो गया है। यह संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्रदान करेगा, बल्कि समाज की सेवा के लिए सक्षम डॉक्टर भी तैयार करेगा।

उन्होंने जानकारी दी कि झारखंड में वर्तमान में 10 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में इनकी संख्या बढ़ाकर 20 करने का है। मुख्यमंत्री ने बताया कि चाईबासा, कोडरमा और बोकारो में सरकारी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। अब झारखंड में थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया जैसे गंभीर रोगों के मरीजों को व्यापक इलाज की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

संस्थान के चेयरमैन एम.एन. सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए वर्ष 2022 में भूमि आवंटन किया गया था। कॉलेज की शुरुआत 100 एमबीबीएस सीटों के साथ हुई है और यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version