रांची: झारखंड प्रदेश कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई महासभा की ओर से रविवार को मैकी रोड स्थित राजकलश भवन में महर्षि मोदन सेन जी महाराज की जयंती, पारिवारिक मिलन समारोह और श्रावण महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र गुप्ता और प्रदेश के आजीवन अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा श्रीगणेश स्तुति के साथ की।
समारोह में समाज के बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु, माताएं और बहनें शामिल हुईं। इस दौरान हवन-पूजन और भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसके बाद महर्षि मोदन सेन जी की आरती की गई और घी के महाप्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में महाकवि जयशंकर प्रसाद को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वैश्य समाज के योगदान पर दिया जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज देश की प्रगति को गति देने वाला महत्वपूर्ण समाज है। इसमें हलवाई समाज की भूमिका भी विशेष है। उन्होंने कहा कि हलवाई समाज अपनी मेहनत से लोगों का पेट भरने के साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
अध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता ने समाज के लोगों से विवाह योग्य वर-वधुओं के सामूहिक विवाह के लिए महासभा में आवेदन जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह का पूरा खर्च महासभा की ओर से वहन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महासभा के प्रयासों से हलवाई समाज को झारखंड में अति पिछड़ा वर्ग में शामिल किया गया है। समाज के लोगों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
जयशंकर प्रसाद के नाम पर सामुदायिक भवन बनाने की मांग
समारोह के दौरान कोडरमा जिलाध्यक्ष नीरज कुमार साहा ने राज्य सरकार से झारखंड के प्रत्येक जिले में महाकवि जयशंकर प्रसाद के नाम पर सामुदायिक भवन का निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने महासभा के संस्थापक सदस्यों समाजसेवी जवाहर लाल गुप्ता, राजकुमार गुप्ता और स्वर्गीय अर्जुन प्रसाद के योगदान को भी याद किया।
शिक्षा और जागरूकता बढ़ने पर जताई खुशी
पलामू जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने समाज में शिक्षा और जागरूकता के बढ़ते स्तर पर प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं महासभा के महामंत्री बिरेंद्र प्रसाद ने बताया कि संगठन आने वाले समय में तीन प्रमुख मुद्दों पर विशेष रूप से काम करेगा। इनमें जमीन अधिग्रहण, धर्मशाला निर्माण और गरीब परिवारों के सामूहिक विवाह को प्राथमिकता दी जाएगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज के लोग
समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकुमार गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, बिरेंद्र प्रसाद, सुरेश प्रसाद गुप्ता और कोर कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अंत में महासभा के महामंत्री बिरेंद्र प्रसाद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

