रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) अभ्यर्थियों के आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और छात्रों के साथ न्याय किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संवेदनशील है और हर पहलू पर लगातार नजर रख रही है।
मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार के पास आंख और कान भी हैं। सरकार सबकी चिंता करती है, लेकिन हर बात सार्वजनिक रूप से बताना संभव नहीं होता।”
जांच रिपोर्ट का इंतजार, न्याय का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां दिन-रात काम कर रही हैं और सरकार जांच दल की रिपोर्ट तथा निष्कर्षों का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की जानकारी छात्रों और राज्य की जनता के साथ साझा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि छात्रों के साथ न्याय हो।
“जिस मामले को पकड़ते हैं, उसे अंजाम तक पहुंचाते हैं”
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार हर मुद्दे को गंभीरता से देखती है।
उन्होंने कहा, “हम कितनी गंभीरता से काम कर रहे हैं, यह सीना चीरकर नहीं दिखा सकते। लेकिन जिस विषय के पीछे हम विशेष रूप से पड़ते हैं, उसे ठीक करके ही दम लेते हैं।”
शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
दिशोम गुरु एवं पद्मभूषण शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव नेमरा में हजारों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर पैतृक गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर बरलंगा के लुकैयाटांड़ में दिशोम गुरु की 15 फीट 8 इंच ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान विकास मेला और पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन हुआ।
युवाओं से एकजुट रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें समाज में नए-नए मुद्दे लाकर विभाजन पैदा करने का प्रयास करती हैं, लेकिन युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में अपार ऊर्जा है, लेकिन उसे सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है ताकि वह भटकने से बच सके।
कल्पना सोरेन ने भी जताई सरकार की प्रतिबद्धता
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं से भलीभांति अवगत है और समाधान निकालने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

