रांची/रामगढ़: झारखंड आंदोलन के अग्रदूत और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ पहुंचे। यहां उन्होंने शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री के साथ गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर कांग्रेस के नेता समेत महागठबंधन के कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के नेमरा पहुंचते ही लुकैयाटांड़ गांव ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक स्वागत की धुनों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी, स्थानीय लोग और समर्थक कार्यक्रम में मौजूद रहे और दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
श्रद्धांजलि समारोह में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री बंधु तिर्की और राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने शिबू सोरेन के झारखंड आंदोलन में योगदान और राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

