रांची: झारखंड की राजधानी रांची में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी समस्या के समाधान की मांग को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर स्थित करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर अपनी समस्या का समाधान कराने की मांग कर रहा था।
कई घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया
पुलिस के अनुसार, युवक शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे टावर पर चढ़ा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों तक समझाने-बुझाने और उसकी मांगों पर विचार का आश्वासन देने के बाद रविवार सुबह करीब 7:30 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि युवक को शांतिपूर्वक नीचे उतार लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लातेहार का रहने वाला है युवक
पुलिस ने युवक की पहचान लातेहार जिले के निवासी 25 वर्षीय हीरालाल के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वह अपनी पारिवारिक समस्याओं से भी परेशान था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि टावर पर चढ़ने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
वीडियो में मुख्यमंत्री से मिलने की मांग
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में युवक यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं आकर उसकी समस्या का समाधान करें। युवक का कहना है कि उसने, उसके परिवार और गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री को वोट दिया है और जब तक उनकी बात नहीं सुनी जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
भर्ती परीक्षाओं के विरोध प्रदर्शन से भी जोड़ा जा रहा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच टावर पर चढ़कर विरोध जताया। कुछ लोगों का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के कारण उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिल सकी, हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

