रांची: राजधानी रांची में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में रांची नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के पीछे और श्री राम जानकी मंदिर के आसपास स्थित 1.34 एकड़ सरकारी भूमि को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू करते हुए पहले चरण में करीब 15 दुकानों, प्रतिष्ठानों और भवनों पर नोटिस चस्पा किया है।
नगर निगम ने संबंधित लोगों को तीन दिनों के भीतर दुकान, प्रतिष्ठान और आवास खाली करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
जनहित की योजनाओं के लिए होगी भूमि का उपयोग
नगर निगम के अनुसार, संबंधित भूमि का पूर्व में आवंटन किया गया था, लेकिन आवंटन अवधि समाप्त होने के बावजूद कुछ लोगों का कब्जा अब भी बना हुआ है। अब इस सरकारी भूमि का उपयोग जनकल्याण और शहर विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित है।
प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग की अपील
नगर निगम ने नोटिस जारी करते हुए सभी संबंधित लोगों से स्वेच्छा से स्थल खाली करने और प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। निगम का कहना है कि निर्धारित अवधि के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत की जाएगी।

