रांची: सावन माह में बाबा बैद्यनाथधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झारखंड सरकार ने विशेष सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। 4 अगस्त से हेलीकॉप्टर आकाशीय परिदर्शन सेवा शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम के साथ-साथ बासुकीनाथ मंदिर और त्रिकूट पर्वत का भी हवाई दर्शन कर सकेंगे।
इस सेवा का संचालन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की ओर से किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर परिदर्शन सेवा की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
इतने मिनट की उड़ान, इतना होगा किराया
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के अनुसार विभिन्न रूटों के लिए किराया इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
- बाबा बैद्यनाथधाम आकाशीय परिदर्शन (7 से 10 मिनट) – ₹2,850
- बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन (7 से 10 मिनट) – ₹2,850
- देवघर से त्रिकूट पर्वत आकाशीय परिदर्शन – ₹3,750
- देवघर से बासुकीनाथ एकतरफा हेलीकॉप्टर सेवा (लगभग 15 मिनट) – ₹4,500
सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा
हर वर्ष सावन महीने में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम में जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए शुरू की जा रही यह हेलीकॉप्टर सेवा श्रद्धालुओं को कम समय में धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने के साथ-साथ देवघर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का हवाई नजारा देखने का अवसर भी देगी।

