रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत 29 जुलाई इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है। भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता निर्धारित समय तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
2.64 करोड़ से अधिक मतदाता, 2.20 करोड़ फॉर्म हो चुके हैं डिजिटाइज
निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष 2026 की मतदाता सूची में राज्य के कुल 2,64,63,236 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं।
अब तक 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं 2,20,20,994 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इन्हीं मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
43.55 लाख फॉर्म अब भी लंबित
निर्वाचन आयोग के मुताबिक अभी 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें—
- 7,61,755 मृत मतदाता
- 14,59,029 ऐसे मतदाता, जिनका पता नहीं चल सका या जो अनुपस्थित मिले
- 15,87,496 मतदाता, जो स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं
- 4,34,541 मतदाता, जिनका नाम अन्य स्थानों की मतदाता सूची में पहले से दर्ज है
- 1,12,642 मतदाता, जिन्होंने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया
31 विधानसभा क्षेत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा
निर्वाचन आयोग ने बताया कि राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है। शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
आयोग ने जारी की अपील
निर्वाचन आयोग ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपना हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, वे 29 जुलाई तक अपने संबंधित बीएलओ के पास फॉर्म जमा कर दें, ताकि उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

