रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मंगलवार, 22 जुलाई को विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे रिम्स परिसर के विभिन्न स्थलों पर होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे न्यू एकेडमिक बिल्डिंग के एल.टी.-1 सभागार में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।
मरीजों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
समारोह के दौरान मरीजों की बेहतर जांच और उपचार के लिए डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट, सेंट्रल लेबोरेटरी तथा ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के नए ऑपरेशन थिएटर और वार्ड का उद्घाटन किया जाएगा। इन सुविधाओं के शुरू होने से रिम्स में आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का दायरा और मजबूत होगा।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
रिम्स में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से बीएसएनएल वाई-फाई, सीसीटीवी कमांड एंड कंट्रोल रूम, ई-सुश्रुत एचएमआईएस झारखंड तथा ऑनलाइन मरीज अपॉइंटमेंट प्रणाली का भी शुभारंभ किया जाएगा। इन नई डिजिटल सेवाओं से मरीजों को पंजीकरण, अपॉइंटमेंट और अस्पताल प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं अधिक सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
रिम्स प्रशासन का मानना है कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को आधुनिक एवं डिजिटल चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

