रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रांची महानगर जिला की ओर से तुपुदाना स्थित औरेलिया बैंक्वेट हॉल में आयोजित सदस्यता ग्रहण एवं मिलन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हटिया-तुपुदाना क्षेत्र के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं फिटनेस एक्सपर्ट सुमित दुबे और उनकी पत्नी श्वेता दुबे ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उपस्थित रहे। उन्होंने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
संजय सेठ ने विश्वास व्यक्त किया कि सुमित दुबे और उनके समर्थकों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सुमित दुबे ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, सेवा भावना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर अपने साथियों के साथ पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज और राष्ट्रहित में कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।

