रांची: राजधानी रांची के कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ऑटो चलाने से इनकार करने पर एक चालक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसे चालक का इलाज रिम्स में चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
10 वर्षों से चला रहा था ऑटो
पीड़ित समीर उर्फ सोनू के भाई मो. आरिफ उर्फ गुड्डू की शिकायत पर लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, समीर पिछले 10 वर्षों से नामकुम निवासी मो. असलम का ऑटो चलाता था। 11 जुलाई को उसने असलम से आगे ऑटो नहीं चलाने की बात कही, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि उसी दौरान असलम ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पेट्रोल डालकर लगा दी आग
शिकायत के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब 5:30 बजे कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास मो. असलम के बेटे मो. रूमन और सिंटू मिस्त्री ने समीर पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। घटना में समीर की दोनों कलाई, बांह, छाती और पेट गंभीर रूप से झुलस गए।
रिम्स में इलाज, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने पर लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल समीर को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।

