रांची: मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 की विजेता दीपाली रिया ने गुरुवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दीपाली को प्रतिष्ठित खिताब जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बोकारो की रहने वाली हैं दीपाली रिया
दीपाली रिया मूल रूप से बोकारो के सेक्टर-5 की निवासी हैं। उनके पिता मनोज शंकर शर्मा भारतीय जीवन बीमा निगम में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुधा शर्मा गृहिणी हैं।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, बोकारो से पूरी की। इसके बाद रांची के संत जेवियर्स कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा में निभा रही हैं जिम्मेदारी
दीपाली रिया ने अपने करियर की शुरुआत विमानन क्षेत्र से की। उन्होंने इंडिगो एयरलाइंस और एयर इंडिया में सेवाएं देने के बाद वर्तमान में दुबई स्थित अमीरात एयरलाइंस में अंतरराष्ट्रीय केबिन क्रू के रूप में कार्यरत हैं।
मिस यूनिवर्स झारखंड-2026 का खिताब जीतने के बाद उनकी उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को भी साझा किया।

